Today is 2026/01/13
राज्य / हरदोई / 25 October 2025

सरदार पटेल की जयंती पर निकाली जाएगी पदयात्राएं, हरदोई में प्रभारी मंत्री असीम अरूण ने दी जानकारी, बोले- युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्यभावना को जागृत करना है उद्देश्य

सरदार पटेल की जयंती पर निकाली जाएगी पदयात्राएं, हरदोई में प्रभारी मंत्री असीम अरूण ने दी जानकारी, बोले- युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्यभावना को जागृत करना है उद्देश्य

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई। जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आगामी राष्ट्रव्यापी पदयात्रा कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक पूरे देश में जिला स्तरीय पदयात्राएं निकाली जाएंगी। यह अभियान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है।

मंत्री असीम अरुण ने कहा कि हर संसदीय क्षेत्र में तीन दिन तक लगभग 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्रा होगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्यभावना को जागृत करना है। इसमें भाजपा कार्यकर्ता, युवा, छात्र और आम नागरिक शामिल होंगे। पदयात्राओं का नेतृत्व मंत्री, सांसद और विधायक करेंगे।

उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस अभियान का MY Bharat पोर्टल पर डिजिटल शुभारंभ किया है।

इस दौरान मंत्री असीम अरुण ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और जीरो टॉलरेंस नीति पर काम किया है। जबकि सपा सरकार में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जाता था। उन्होंने कहा “वो चाहे कितने भी गाने और वीडियो लॉन्च कर लें, लेकिन 2027 में प्रदेश में तीसरी बार जनता के आशीर्वाद से भाजपा की सरकार बनेगी।”

मंत्री ने कहा कि यह पदयात्रा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र एकता और जनसंपर्क का अभियान होगी।


Top News

© Media Writers. All Rights Reserved.