उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ हरदोई का नया नेतृत्व, रवि कुमार सिंह बने जिलाध्यक्ष, संगठन को मजबूती का संकल्प
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ हरदोई का नया नेतृत्व, रवि कुमार सिंह बने जिलाध्यक्ष, संगठन को मजबूती का संकल्प
मीडिया रॉयटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ के संगठनात्मक विस्तार और मजबूती के उद्देश्य से हरदोई जिले को नया नेतृत्व मिला है। प्रदेश अध्यक्ष दुर्गा चरण सिन्हा एवं प्रदेश कार्यकारिणी की सहमति से रवि कुमार सिंह को हरदोई जनपद का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रदेश संगठन मंत्री सुशील सिन्हा, लखनऊ मंडल उपाध्यक्ष एवं हरदोई जिला प्रभारी विपिन कुमार सोनी के सहयोग से प्रदेश कार्यालय पर की गई।
नियुक्ति की घोषणा के साथ ही संगठन के पदाधिकारियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में सत्यप्रकाश दीक्षित को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है, जिससे संगठन को और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रवि कुमार सिंह ने इस दायित्व के लिए संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए सतत प्रयास करते रहेंगे।
रवि कुमार सिंह ने कहा कि जनपद के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षक साथियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर वे सदैव आवाज बुलंद करेंगे और विद्यालयों में आने वाली प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहेंगे।
उन्होंने सभी शिक्षक साथियों से संगठन के साथ एकजुट होकर चलने की अपील की, ताकि बेसिक शिक्षा को मजबूत करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी भूमिका निभाई जा सके।